खबर का असर : डीजल किल्लत पर हरकत में आया प्रशासन, कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों की ली बैठक, तय सीमा में डीज़ल पेट्रोल देने के निर्देश..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी और पेट्रोल पंपों में मची अफरा-तफरी की खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर पेट्रोल-डीजल वितरण व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आम उपभोक्ता, किसान, ट्रांसपोर्टर और जरूरी सेवाओं को तय सीमा के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और कालाबाजारी की स्थिति न बने।

एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को प्राथमिकता

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एम्बुलेंस, हॉस्पिटल डीजी सेट, फायर ब्रिगेड और शासकीय वाहनों जैसी अतिआवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के साथ पेट्रोल-डीजल दिया जाए। साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शासकीय वाहनों का जरूरत के अनुसार और मितव्ययिता से उपयोग करने कहा गया है।

वाहनों के लिए तय हुई सीमा

जिला प्रशासन ने अलग-अलग वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल की मात्रा भी निर्धारित कर दी है। इसके अनुसार ट्रेलर — 100 लीटर, 18 चक्का वाहन — 80 लीटर, 12 से 16 चक्का वाहन — 60 लीटर, 6 चक्का वाहन — 40 लीटर, एसयूवी/कार — 20 लीटर, ट्रैक्टर और हार्वेस्टर — 50 लीटर ही दिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि तय सीमा के भीतर ही पेट्रोल-डीजल दिया जाएगा ताकि सभी लोगों तक उपलब्धता बनी रहे।

सीसीटीवी निगरानी और रिफ्यूलर टैंकर पर रोक

बैठक में यह भी तय किया गया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों को अपने सीसीटीवी का एक्सेस संबंधित ओएमसी कंपनी और खाद्य विभाग को उपलब्ध कराना होगा। इसके जरिए बिक्री और गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा रिफ्यूलर टैंकर से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्टॉक की अनावश्यक खपत रोकी जा सके।

अफवाहों से बचने की अपील

कलेक्टर ने पंप संचालकों से कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और रोजाना की जरूरत के हिसाब से सामान्य तरीके से पेट्रोल-डीजल का वितरण करें। साथ ही आम लोगों को भी अवैध भंडारण और कालाबाजारी से बचने समझाने के निर्देश दिए गए।

खबर सामने आने के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सरिया, बरमकेला और आसपास के क्षेत्रों में डीजल की भारी किल्लत देखने को मिल रही थी। पेट्रोल पंपों में डीजल पहुंचते ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही थी। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, चार पहिया वाहन, बाइक और डब्बा लेकर लोग घंटों लाइन में खड़े नजर आ रहे थे। कई जगहों पर स्थिति अनियंत्रित होने लगी थी। इसी हालात को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत बैठक बुलाकर नई व्यवस्था लागू की है।

संबंधित समाचार

Scroll to Top