शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। सरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उग्रसेन साहू ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता, किसान, व्यापारी और मजदूर सभी परेशान हैं।
उग्रसेन साहू ने आरोप लगाया कि 15 मई से पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले से ही डीजल की कमी से किसान परेशान हैं और अब कीमत बढ़ने से खेती-किसानी का खर्च और बढ़ जाएगा।
किसानों को लाइन में खड़ा किया जा रहा
उन्होंने कहा कि किसानों को हर काम के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। कभी खाद के लिए, कभी पंजीयन के लिए, कभी टोकन और सत्यापन के लिए तो अब डीजल के लिए लंबी कतार में लगना पड़ रहा है।
उग्रसेन साहू ने कहा कि खेती-किसानी का समय चल रहा है, लेकिन डीजल की कमी और बढ़ी कीमतों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों के संचालन में ज्यादा खर्च आ रहा है, जिसका सीधा असर खेती पर पड़ रहा है।
पेट्रोल पंपों में किया गया नाटक
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि कुछ पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा डीजल की कमी का माहौल बनाकर किसानों को पर्याप्त मात्रा में तेल नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि अचानक दाम बढ़ने से पहले क्षेत्र में डीजल की किल्लत देखी गई, जिससे लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा।
उग्रसेन साहू ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। गैस सिलेंडर, बिजली बिल, खाद-बीज और रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ने से आम जनता की हालत खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि युवा, व्यापारी, कर्मचारी और किसान कोई भी वर्ग खुश नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
जनता चुनाव में जवाब देगी
उग्रसेन साहू ने कहा कि बढ़ती महंगाई और अव्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से लोगों का बजट बिगड़ गया है और आम आदमी की जिंदगी मुश्किल होती जा रही है।



