शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सरिया और आसपास के क्षेत्र में डीजल की भारी किल्लत अब विकराल रूप लेने लगी है। हालत यह हो गई कि क्षेत्र के चार पेट्रोल पंपों में से सिर्फ एक पंप में डीजल पहुंचते ही वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, चार पहिया वाहन, बाइक और डब्बा लेकर पहुंचे लोगों की इतनी भीड़ लग गई कि मौके पर मारामारी जैसी स्थिति बन गई।

एक साथ पहुंचे 500 से ज्यादा लोग
गुरुवार दोपहर सरिया के कांदुरपाली रोड स्थित गौरीशंकर फ्यूल्स में जैसे ही डीजल सप्लाई पहुंचने की खबर फैली, वैसे ही आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। देखते ही देखते पेट्रोल पंप के बाहर वाहनों की लंबी कतार लग गई। किसान, वाहन चालक और हार्वेस्टर संचालक घंटों लाइन में खड़े रहे। लोग डब्बा रखकर लाइन में लगे रहे और अपनी बारी आने के का इंतजार करता रहे।
भीड़ इतनी ज्यादा थी कि पंप स्टाफ को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सीमित मात्रा में दे रहे डीजल – पंप संचालक
पेट्रोल पंप संचालक मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि पिछले एक से डेढ़ महीने से डीजल की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही लोगों को डीजल सप्लाई आने की जानकारी मिली, अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति को संभालने के लिए सभी को सीमित मात्रा में केवल 2000-2000 रुपए का डीजल दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों का काम चल सके। उन्होंने कहा कि सीमित स्टाफ के बीच एक साथ इतनी बड़ी भीड़ को संभालना काफी मुश्किल हो रहा है।
घंटों इंतजार के बाद मिला डीजल
ग्रामीण विजय अग्रवाल ने बताया कि 2000 रुपए का डीजल लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। काफी इंतजार के बाद डीजल मिल पाया। उनका कहना है कि सरिया क्षेत्र में लगातार डीजल की कमी बनी हुई है, जिससे खेती-किसानी और अन्य काम प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं ग्रामीण प्रखर प्रधान ने बताया कि डीजल की कमी की वजह से हार्वेस्टर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि दोपहर 3 बजे से लाइन में लगे थे और शाम 6 बजे जाकर 2000 रुपए का डीजल मिला। किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
खेती और परिवहन दोनों प्रभावित
इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी से जुड़े काम तेजी से चल रहे हैं। ट्रैक्टर और हार्वेस्टर के लिए भारी मात्रा में डीजल की जरूरत होती है, लेकिन डीजल नहीं मिलने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं परिवहन और छोटे व्यवसाय से जुड़े लोग भी परेशान हैं।
सिर्फ एक पंप में डीजल, बिगड़े हालात
क्षेत्र में पेट्रोल का स्टॉक सामान्य बताया जा रहा है, लेकिन डीजल की भारी कमी बनी हुई है। सरिया क्षेत्र के चार पेट्रोल पंपों में से केवल एक पंप में डीजल उपलब्ध होने की वजह से लोग बड़ी संख्या में वहीं पहुंच गए। इससे हालात असामान्य हो गए और पूरे इलाके में डीजल संकट चर्चा का विषय बन गया। लोगों का कहना है कि यदि जल्द डीजल की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हुई तो खेती, परिवहन और व्यापार पर इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है।



You must be logged in to post a comment.