बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप की वेबसीरीज में कोरबा की निशा को मिला अनिल कपूर के साथ काम करने का मौका..

शेयर करें...

मुश्किलों से भरा रहा कोरबा की बेटी निशा का मुंबई तक का सफर

कोरबा(पूजा साहू)// प्रतिभा अधिक दिनों तक छिपी नहीं रह सकती। कड़ी मेहनत और कुछ कर गुजरने का जुनून कामयाबी के दरवाजे खोल देती है। कोरबा की बेटी निशा साहू ने अपने पैशन को करियर बनाने ऐसी ही उड़ान भरी है। कड़ी परिश्रम से पहले उसने मिस हिन्दुस्तान तक का सफर तय किया। अब उसे बॉलीवुड में एंट्री मिल गई है। नेटफ्लिक्स के वेब सीरीज एके वर्सेस एके में मशहूर अभिनेता अनिल कपूर व डायरेक्टर अनुराग कश्यप के साथ काम किया है।

कोरबा के कांशीनगर बुधवारी में रहने वाली 28 वर्षीय निशा साहू ने काफी कम उम्र में ही अपनी ऐसी पहचान बना ली है जिससे कोरबा का नाम रौशन हो रहा है। निशा की प्रारंभिक शिक्षा गायत्री स्कूल सीएसईबी से पूरी हुई है। यहां स्थानीय मीडिया में काम करने के साथ एक्टिंग व कोरियोग्राफी भी की है। निशा साहू को बचपन से ही डांस, एक्टिंग और फिल्मों में काम करने का शौक था। वर्ष 2005 में जब निशा 12 वर्ष की थी स्थानीय प्रतियोगिता में विजेता बनी। तब से निशा के मन में अपने शौक को करियर बनाने का जुनून सवार हो गया। इस जुनून ने निशा को मुंबई तक पहुंचा दिया है। चेन्नई में आयोजित मिस हिन्दुस्तान प्रतियोगिता में बॉलीवुड के हस्तियों के सामने उसे अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। जिसमें उसने कड़ी मेहनत कर कामयाबी का सफर तय किया। इस दौरान बॉलीवुड के मशहूर हस्तियों ने भी निशा की प्रतिभा को देखा। इसी का नतीजा रहा कि बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप की वेबसीरीज में निशा को अनिल कपूर के साथ काम करने का मौका मिला है।

वेबसीरीज की कुछ शूटिंग हो चुकी है। लॉकडाउन खत्म होने के बाद वेबसीरीज रिलीज हो सकती है। निशा ने बताया कि वह बॉलीवुड में अपना नाम कमाना चाहती है। अभी तो सफर की शुरूआत है। आगे उसने और कड़ी मेहनत करने की बात कही है।

होली मनाने आई थी, फंस गई लॉकडाउन में
28 फरवरी को निशा साहू मुंबई से कोरबा कांशीनगर अपने घर पहुंची थी। यहां होली मनाने के बाद वह मुंबई लौटने की तैयारी कर रही थी वैसे ही लॉकडाउन हो गया। लॉकडाउन के कारण पिछले ढाई महिनों से कोरबा में ही है। इस दौरान उन्होंने रविवार को मीडिया से चर्चा की जिसमें निशा ने अपने मिस हिन्दुस्तान व बॉलीवुड तक के सफर के बारे में बताया।

Scroll to Top