जनदर्शन में हंगामा : ग्रामीणों ने कलेक्टर की गाड़ी रोकी, जमीन बचाने की मांग पर अड़े ग्रामीण, लिखित आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के बिलाईगढ़ ब्लॉक के सिंघीचुआ, रिकोटार, धाराशिव सहित अन्य गांव के सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि वे वर्षों से इस जमीन पर रह रहे हैं और किसी भी कीमत पर अपने घर, खेत और गांव को उजड़ने नहीं देंगे।

Join WhatsApp Group Click Here

ग्रामीणों का कहना था कि तहसील कार्यालय से जारी नोटिस के बाद उन्हें आशंका है कि गांव की जमीन किसी उद्योग के लिए हस्तांतरित की जा सकती है। इसे लेकर उन्होंने भूमि हस्तांतरण की पूरी प्रक्रिया निरस्त करने और उनकी कृषि भूमि व आवास को सुरक्षित रखने की मांग की।

कलेक्टर से मिलने पर अड़े ग्रामीण

सुबह करीब 11 बजे से बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने जनदर्शन में आवेदन भी सौंपा, लेकिन उनकी मांग थी कि वे अपनी बात सीधे कलेक्टर के सामने रखें और लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही वापस लौटेंगे। दोपहर में जब कलेक्टर कार्यालय से निकलने लगीं, तब ग्रामीण उनके वाहन के सामने पहुंच गए और रास्ते में बैठकर विरोध जताने लगे।

कई घंटे चली समझाइश

मौके पर एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासन के कई अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों से लगातार बातचीत करते रहे। पुलिस बल भी एहतियात के तौर पर तैनात रहा। काफी देर तक समझाइश का दौर चला, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल्ल रजक ने ग्रामीणों की मांग के अनुसार लिखित आश्वासन दिया। इसमें ग्रामीणों की आपत्तियों और संबंधित खसरा नंबरों का उल्लेख करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई। लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर वापस लौट गए।

ग्रामीण बोले, गांव और जमीन बचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि उनके पूर्वजों से जुड़ी जमीन और घर-खेत उनकी आजीविका का आधार हैं। यदि यहां उद्योग स्थापित किया जाता है तो कई परिवार प्रभावित होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उनकी सहमति के बिना किसी भी प्रकार की भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे न बढ़ाई जाए। फिलहाल प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि उनकी आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा और कानून के तहत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top