शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले की भटगांव पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक एक्टिवा, दो मोबाइल फोन और नकदी जब्त कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वाहन चेकिंग के दौरान मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय तथा एसडीओपी विजय ठाकुर के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 3 अगस्त को थाना के सामने वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरसीवां की ओर से एक एक्टिवा (CG 12 BV 7563) में एक युवक और एक महिला गांजा लेकर कोरबा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
सीट के नीचे और बैग से मिला गांजा
पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजय कुमार पालकर (26 वर्ष) निवासी जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान निवासी सीतामणी, कोरबा बताया। वहीं पीछे बैठी महिला ने अपना नाम रंजीता दुबे (38 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, दर्री, जिला कोरबा बताया। तलाशी लेने पर एक्टिवा की सीट के नीचे दो पैकेट और महिला के बैग से तीन पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल 9.295 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि गांजा उसने ओडिशा के पदमपुर क्षेत्र से खरीदा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.295 किलो गांजा, एक्टिवा वाहन, दो मोबाइल फोन और नकदी राशि जब्त की। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी, सहायक उपनिरीक्षक बलीराम निराला, प्रधान आरक्षक नवीन ठाकुर, श्रवण बरिहा, राजेंद्र चंद्रा, शशि खूंटे, राहुल खूंटे, महिला आरक्षक रीना बघेल, मोहन कुमारी तथा भटगांव थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


