सरिया पुलिस ने 18 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर को दबोचा, स्कूटी और मोबाइल भी जब्त..

शेयर करें...

गांजा तस्करी पर कार्रवाई जारी, लेकिन प्रेस विज्ञप्तियों के आंकड़ों पर उठ रहे सवाल, महुआ शराब के कारोबार पर अब भी चुप्पी… अगले अंक में बड़ा खुलासा..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 18 किलो 60 ग्राम गांजा, एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक रेडमी मोबाइल जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार 27 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ओडिशा से नीले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर सरिया होते हुए धरमजयगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना सरिया पुलिस ने थाना के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहपाल राठिया (22 वर्ष), निवासी ग्राम सोहनपुर, पोस्ट सिसरिंगा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ बताया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की और पैरदान के पास रखे बैग एवं बोरी से 6 पैकेटों में पैक 18 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 131/2026 दर्ज कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में बड़ा खेल जारी

हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रही गांजा तस्करी की कार्रवाइयों के बीच एक सवाल भी खड़ा हो रहा है। हाल के दिनों में जारी विभिन्न प्रेस विज्ञप्तियों में जब्त गांजा की मात्रा और गिरफ्तार आरोपियों की संख्या में अंतर देखने को मिला है, जिसे लेकर विभागीय स्तर पर चर्चा तेज है। सूत्रों का कहना है कि थाना में लंबे समय से पदस्थ कुछ मंझे खिलाड़ियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर, नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने के बाद अवैध कच्ची महुआ शराब के कारोबार पर अब तक कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है, जबकि क्षेत्र में इसका कारोबार खुलेआम जारी होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। पदस्थापना के बाद अब तक कार्रवाई के नाम पर दिखावा प्रकरण दर्ज किया गया है। आखिर इसके पीछे क्या वजह है, किसके संरक्षण में यह कारोबार चल रहा है… इन सब मुद्दों पर परत दर परत खुलासे अगले अंक में किया जाएगा।

Scroll to Top