सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की कार्रवाई: 31 मामलों में जब्त 767.911 किलो गांजा किया नष्ट, कीमत 1.53 करोड़ रुपये से अधिक..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों और चौकियों से एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त किए गए 767.911 किलोग्राम गांजे का विधिवत विनष्टीकरण किया। नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 53 लाख 58 हजार 220 रुपये बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस ने बताया कि शासन के निर्देश, न्यायालय के आदेश तथा जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में कुल 31 प्रकरणों में जब्त गांजे का सत्यापन किया गया। इसके बाद पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए रायगढ़ स्थित एमपीएस स्टील एंड पावर प्लांट की भट्टी में गांजे को जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

पिछले पांच वर्षों के रिकॉर्ड के अनुसार, जिले में गांजा जब्ती के सबसे अधिक 9 प्रकरण थाना सरिया में दर्ज हुए, जबकि थाना बिलाईगढ़ दूसरे स्थान पर रहा, जहां 5 प्रकरण दर्ज किए गए थे। इससे स्पष्ट है कि इन क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने लगातार प्रभावी कार्रवाई की है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, खरीद-बिक्री और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस जिले को नशा मुक्त बनाने और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

गांजे के विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा तथा सहायक उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह राजपूत की मौजूदगी में वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।

Scroll to Top