शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// तहसील सरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत कांदुरपाली में बुधवार 20 मई 2026 को सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व विभाग द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राजस्व संबंधी दस्तावेज प्राप्त कर संतोष जताया। प्रशासन की ओर से लोगों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

24 किसानों को मिली डिजिटल किसान किताब
तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू ने बताया कि शिविर के दौरान राजस्व विभाग ने 24 किसानों को नामांतरण उपरांत डिजिटल किसान किताब प्रदान की। वहीं फौती के बाद संबंधित हितग्राहियों को बी-1 और खसरा दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा 9 लोगों को आय एवं निवास प्रमाण पत्र जारी किया गया। इस तरह कुल 33 हितग्राहियों को राजस्व विभाग से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए। दस्तावेज मिलने के बाद ग्रामीणों के चेहरे पर संतोष नजर आया।
कई आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
सुशासन तिहार शिविर में राजस्व विभाग को कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 8 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। मौके पर जिन मामलों का समाधान किया गया उनमें बी-1 और खसरा में नाम सुधार, फौती नामांतरण और केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि शेष आवेदनों का भी नियमानुसार और समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा।
हितग्राहियों ने जताया आभार
शिविर में आय एवं जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने तत्काल दस्तावेज मिलने पर खुशी जताई। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब शिविर के माध्यम से गांव में ही सुविधाएं मिल रही हैं। ग्रामीणों ने इस तरह के शिविरों को आम लोगों के लिए लाभकारी बताया।



You must be logged in to post a comment.