सारंगढ़-बिलाईगढ़ में हाईटेक Dial 112 सेवा की शुरुआत, जिले के सभी थाना-चौकी में तैनात होंगे नए वाहन..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// जिले में आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए हाईटेक Dial 112 सेवा का विस्तार किया गया है। नेक्स्ट जेन “Phase 2.0” के तहत जिले को 10 नए अत्याधुनिक वाहन मिले हैं, जिन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों को जिले के सभी थाना और चौकी में तैनात किया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके। इस नई व्यवस्था में पुलिस सहायता के साथ मेडिकल इमरजेंसी, अग्निशमन सेवा, महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन और हाईवे इमरजेंसी जैसी सुविधाओं को भी एक नंबर 112 से जोड़ दिया गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

आधुनिक तकनीक से लैस हैं नए Dial 112 वाहन

नई Dial 112 सेवा को अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है। वाहनों में GPS सिस्टम, स्मार्टफोन, वायरलेस रेडियो, PTZ कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल NVR जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकों के जरिए घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और त्वरित सूचना संचार संभव हो सकेगा। सेवा की निरंतरता बनाए रखने के लिए रायपुर स्थित C4 कमांड सेंटर और पुलिस मुख्यालय में सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल सिस्टम भी स्थापित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी होगी।

जनप्रतिनिधियों ने बताया बड़ी सौगात

कार्यक्रम में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने Dial 112 सेवा की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत और सामूहिक यात्रा को बढ़ावा देने की अपील भी की। विधायक कविता प्राण लहरे ने इसे आम जनता के लिए बड़ी सौगात बताया, वहीं विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने Dial 112 स्टाफ से हर आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने का आग्रह किया।

एक्के नंबर सब्बो बर थीम पर आधारित है सेवा

कलेक्टर पद्मिनी भोय साहू ने बताया कि “एक्के नंबर सब्बो बर” थीम पर आधारित यह आधुनिक सेवा पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं को एकीकृत करते हुए नागरिकों को एक ही नंबर पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से लैस इन वाहनों के जरिए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बेहतर निगरानी और तेज कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में एसडीएम वर्षा बंसल, एसडीओपी स्नेहिल साहू, उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Scroll to Top