रायगढ़ को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच..

शेयर करें...

रायगढ़// जिले में अपराध जांच को आधुनिक और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रायगढ़ को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सौगात मिली है, जिससे अब गंभीर मामलों में घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच और साक्ष्य संकलन किया जा सकेगा। क्षेत्रीय एफएसएल कार्यालय रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इस हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को रवाना किया। शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई यह “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा पुलिस विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया को तेज और अधिक प्रभावी बनाने में मददगार मानी जा रही है।

Join WhatsApp Group Click Here

एफएसएल लैब के बाद पुलिसिंग को मिली नई मजबूती

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस और न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में रायगढ़ में क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल लैब) की शुरुआत हुई थी, जिससे रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की जांच व्यवस्था को मजबूती मिली है। अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट जुड़ने से अधिकांश वैज्ञानिक परीक्षण स्थानीय स्तर पर तेजी से हो सकेंगे, जिससे पीड़ितों को जल्द न्याय मिलने की संभावना बढ़ेगी।

घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक और डिजिटल जांच

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इसे पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जिले में पहले साइबर थाना, क्षेत्रीय एफएसएल लैब और डायल-112 के आधुनिक वाहन शुरू किए जा चुके हैं, वहीं अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट मिलने से पुलिस घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटा सकेगी। इससे अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य तैयार करने और उन्हें सजा दिलाने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी।

उप संचालक एफएसएल एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. पी.एस. भगत ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के तहत गंभीर अपराधों और बड़ी दुर्घटनाओं में फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी जरूरी हो गई है। ऐसे मामलों में यह मोबाइल यूनिट मौके पर पहुंचकर प्राथमिक वैज्ञानिक परीक्षण करेगी, जिससे जांच की गुणवत्ता और विश्वसनीयता दोनों बढ़ेंगी।

आधुनिक उपकरणों से लैस है “लैब ऑन व्हील्स”

मोबाइल फॉरेंसिक वैन अत्याधुनिक तकनीकों और आधुनिक उपकरणों से लैस है। इसमें हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर सिस्टम, सैंपल कलेक्शन लैब, फिंगरप्रिंट डेवलपमेंट किट, डीएनए सैंपल संग्रह उपकरण, हाई-इंटेंसिटी लाइट सोर्स, डिजिटल फॉरेंसिक टूल्स, बुलेट होल और जीएसआर जांच किट, दस्तावेजीकरण उपकरण तथा जीपीएस आधारित बॉडी वॉर्न कैमरे जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन उपकरणों की मदद से घटनास्थल पर ही महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकेंगे और जांच प्रक्रिया में समय की बचत होगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश तजेश्वरी देवी देवांगन, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, उप संचालक अभियोजन वेद प्रकाश पटेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, आरआई अमित सिंह, थाना प्रभारी, पार्षद, न्यायालय और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने किया।

Scroll to Top