शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में चौकी कनकबीरा पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब जब्त कर उसके खिलाफ मामला दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर रोकथाम के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के पालन में चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब लेकर परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और गवाहों के साथ ग्राम सराईपाली स्थित लोकेश खांडे के घर के सामने, नेशनल हाईवे-153 मेन रोड पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने साहेब लाल उर्फ ननकी निषाद (47 वर्ष), निवासी ग्राम सरायपाली, चौकी कनकबीरा थाना सारंगढ़ को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो कपड़े के झोले में रखे 5 लीटर क्षमता के पॉलिथीन में 5 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा तीन प्लास्टिक जरीकेन में भरी 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। कुल मिलाकर आरोपी के पास से करीब 20 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 4 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई।
पुलिस ने मौके पर शराब जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 241/26 के तहत धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर, प्रधान आरक्षक हीराधर नाग, आरक्षक जगजीवन खुटे, कुंज बिहारी निराला तथा चौकी कनकबीरा के अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


