नए शिक्षा सत्र की तैयारियां तेज, प्रवेशोत्सव और गणवेश वितरण पर रहेगा विशेष फोकस..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर बरमकेला विकासखंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। शासकीय कन्या शाला बरमकेला में गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने स्कूल खुलने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रवेशोत्सव, निःशुल्क गणवेश वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण और विद्यार्थियों के नामांकन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

बैठक में विकासखंड के सभी संकुल प्राचार्यों और शैक्षिक समन्वयकों को निर्देशित किया गया कि विद्यालय खुलने से पहले परिसर और कक्षाओं की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यार्थियों को समय पर निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने और उनके वितरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश 16 जून तक हर हाल में वितरित किया जाए। इसके अलावा यू-डाइस में विद्यार्थियों के प्रोग्रेशन, अपार आईडी, एमबीयू रिपोर्ट और अन्य ऑनलाइन कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष शाला प्रवेशोत्सव विकासखंड, जिला और विद्यालय स्तर पर उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। वहीं जर्जर भवनों में कक्षाओं का संचालन नहीं करने और शिक्षकों की उपस्थिति वीएसके एप के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर देते हुए अधिकारियों ने नियमित अध्यापन, समय-सारिणी निर्माण, खेलकूद गतिविधियों के संचालन और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। कक्षा के दौरान शिक्षकों को मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और उसे कार्यालय में साइलेंट मोड पर रखने के लिए भी कहा गया।

बैठक में जाति प्रमाण-पत्र निर्माण, शाला प्रबंधन समिति के पुनर्गठन और उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि नए शिक्षा सत्र को व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण और छात्र हितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। यह बैठक कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश और जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुर्रे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रवि डोंगरे और विकासखंड स्त्रोत समन्वयक राजकमल नायक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top