शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए अब प्रत्येक सोमवार को सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालयों में जनदर्शन आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी एसडीएम को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक निश्चित दिन और स्थान उपलब्ध कराना तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
एसडीएम की मौजूदगी रहेगी अनिवार्य
कलेक्टर के द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक सोमवार को संबंधित एसडीएम अपने कार्यालय में जनदर्शन के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही संबंधित अनुविभाग के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार और विकासखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी निर्धारित समय पर उपस्थित रहना होगा। जनदर्शन में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है, ताकि लोगों की शिकायतें संबंधित विभाग के सामने रखकर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर सख्ती
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह है कि शिकायत लेकर पहुंचने वाले नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और संबंधित अधिकारी एक ही जगह उपलब्ध रहें। इससे समस्याओं के निराकरण में होने वाली देरी कम होने की उम्मीद है।
जनदर्शन का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को जनदर्शन के निर्धारित दिन और समय का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिल सके। साथ ही जनदर्शन का प्रभावी संचालन और प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। अब देखना होगा कि प्रत्येक सोमवार होने वाला यह जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में कितना प्रभावी साबित होता है।





You must be logged in to post a comment.