विशेष अभियान में छूटे और नए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़ेंगे, बीएलओ करेंगे घर-घर भ्रमण, पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर..

शेयर करें...

सारंगढ़–बिलाईगढ़// भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिले में मतदाता सूची से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ना है, जिनके नाम अब तक किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाए हैं। इसके साथ ही पहली बार मतदाता बनने की पात्रता प्राप्त करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Join WhatsApp Group Click Here

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के तहत पात्र नागरिकों की जानकारी प्राप्त करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल होने से छूटे नागरिकों तथा नए पात्र युवाओं को पंजीकरण के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने और बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

मतदाता सूची में नया पंजीकरण कराने के लिए पात्र नागरिक प्रपत्र-6 में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ईसीआईनेट (ECINET) मोबाइल एप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने विशेष रूप से नए पात्र युवा मतदाताओं से इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की है।

Scroll to Top