सेवा संकल्प अभियान : ‘सरकार आपके द्वार’ में गांव तक पहुंचा जिला प्रशासन, शिविर में मिले 45 आवेदन, 15 का मौके पर हुआ निराकरण..

शेयर करें...

सारंगढ़–बिलाईगढ़// सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा को साकार करते हुए जिला प्रशासन गांवों तक पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान कर रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में बिलाईगढ़ विकासखंड का शिविर ग्राम पंचायत बाँसउरकुली स्थित शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 45 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 15 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

शिविर में जयशंकर प्रसाद साहू, सुभाष जलान, रेवती चंद्रा सहित पवनी, बिलाईगढ़, भटगांव एवं अन्य क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।

शिविर में राजस्व विभाग के 21, विद्युत विभाग का 1, खाद्य विभाग के 5, समाज कल्याण विभाग के 10, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 5 तथा वीबी जीरामजी के अंतर्गत 4 आवेदन प्राप्त हुए। जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव था, उनका शिविर में ही निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं। बिलाईगढ़ शिविर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नोडल अधिकारी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और तहसीलदार सहायक नोडल अधिकारी के रूप में दायित्व संभाल रहे हैं।

अब दानसरा और झनकपुर में लगेगा शिविर

अभियान की अगली कड़ी में 3 अक्टूबर को सारंगढ़ विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर दानसरा तथा 5 अक्टूबर को बरमकेला विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला मैदान झनकपुर में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में भी विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए आमजन के आवेदनों और समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर रहेगा।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन गांवों तक पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

Scroll to Top