महिला कर्मचारी का फूटा गुस्सा: छेड़छाड़ के आरोपों के बीच CEO पर फेंकी स्याही, मारे थप्पड़, दर्ज हुई FIR..

शेयर करें...

भिलाई// छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित चौहान ऑटोमोबाइल मारुति सुजुकी शोरूम में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने कंपनी के सीईओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिला ने सीईओ अंकित आनंद पर अश्लील मैसेज भेजने और गलत तरीके से बात करने का आरोप लगाया। मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सीईओ पर स्याही फेंक दी और फिर थप्पड़ व लात मारकर अपना गुस्सा जाहिर किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस ने महिला कर्मचारी की शिकायत पर आरोपी सीईओ के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp Group Click Here

जांच के दौरान हुआ हंगामा

जानकारी के अनुसार महिला कर्मचारी पहले ही सीईओ अंकित आनंद के खिलाफ शिकायत दर्ज करा चुकी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी सिलसिले में पुलिस अधिकारी सीईओ को लेकर शोरूम पहुंचे थे।बताया जा रहा है कि जैसे ही अंकित आनंद ऑफिस के अंदर पहुंचे, तभी महिला कर्मचारी अचानक उनके सामने आ गई और उन पर स्याही फेंक दी। स्याही सीधे सीईओ के चेहरे और कपड़ों पर गिरी। इसके तुरंत बाद महिला ने गुस्से में सीईओ को थप्पड़ मार दिया और फिर लात भी चलाई।

पुलिस के सामने हुआ विवाद

घटना के दौरान मौके पर पुलिस अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने महिला को शांत कराने और बीच-बचाव की कोशिश की। हालांकि महिला काफी आक्रोशित थी और लगातार सीईओ के खिलाफ नाराजगी जाहिर करती रही। सूत्रों के मुताबिक उस समय वहां कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, जिसके कारण पुरुष पुलिसकर्मी केवल समझाइश देने तक सीमित रहे। वहीं ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारी भी पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।

अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

शिकायत करने वाली महिला कर्मचारी का आरोप है कि सीईओ अंकित आनंद लंबे समय से उसे अश्लील मैसेज भेज रहे थे और अनुचित तरीके से बातचीत करते थे। महिला का कहना है कि उसने इस व्यवहार का विरोध किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।मामले में अब यह भी जानकारी सामने आ रही है कि शोरूम की 3 से 4 अन्य महिला कर्मचारी भी सीईओ के व्यवहार से परेशान थीं। बताया जा रहा है कि वे भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

भिलाई नगर के सीएसपी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी अधिकारी के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब शोरूम में काम करने वाली अन्य महिला कर्मचारियों के बयान भी दर्ज करेगी।सीएसपी के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top