सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कानून-व्यवस्था की IG ने की समीक्षा, थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिले के पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराधों की रोकथाम और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आम लोगों को बेहतर और संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

Join WhatsApp Group Click Here

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक ने अपराधों की रोकथाम के साथ लंबित मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता लगातार दिखाई देनी चाहिए।

आईजी ने पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न पोर्टल और ऑनलाइन सिस्टम को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी प्रविष्टियां समय पर, सही और अपडेट होनी चाहिए। थाना स्तर के कागजी रिकॉर्ड और ऑनलाइन रिकॉर्ड में किसी तरह का अंतर नहीं होना चाहिए। साथ ही पुलिसिंग में तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आईजी के निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने, कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने, रिकॉर्ड और पुलिस पोर्टल की जानकारी अपडेट रखने तथा आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल, एसडीओपी बिलाईगढ़ दीपिका मिंज, एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Scroll to Top