चुनावी विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, टांगी से हमला करने के आरोप में दो गिरफ्तार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सलौनीखुर्द में पुराने विवाद और सरपंच चुनाव में हार को लेकर मारपीट और प्राणघातक हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 अगस्त को ग्राम सलौनीखुर्द निवासी सत्यनारायण यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक सत्यनारायण अपने भाई गोपीचंद और मां के साथ घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान गांव के रवि यादव और गनपत यादव घर के सामने पहुंचे और सरपंच चुनाव में हार तथा पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसके बाद दोनों घर में घुस गए और सत्यनारायण की मां के साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

शिकायत के अनुसार विवाद के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में सत्यनारायण की मां बेहोश हो गईं, जबकि सत्यनारायण पर टांगी से हमला कर उसके सिर में चोट पहुंचाने का आरोप है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

भटगांव पुलिस ने मामले में धारा 333, 296, 351(3), 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रवि कुमार यादव (29 वर्ष) और हरा बाई उर्फ सोनाई बाई यादव (56 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सलौनीखुर्द को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले की कार्रवाई थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी के नेतृत्व में की गई।

Scroll to Top