शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सरिया पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 किलो 210 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी ओडिशा के बरगढ़ से गांजा लेकर ग्राम कंचनपुर होते हुए सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरिया पुलिस को इसकी सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम कंचनपुर बैरियर मेन रोड पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद काले-नीले रंग की हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 8076 पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में मोटरसाइकिल चला रहे व्यक्ति ने अपना नाम देवाधी पात्र (46 वर्ष), निवासी सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा बताया, जबकि पीछे बैठी महिला ने अपना नाम संतोषी पात्र (48 वर्ष) बताया। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो महिला के पास रखे थैले से तीन पैकेट और मोटरसाइकिल की डिक्की से दो पैकेट बरामद हुए। सभी पैकेट खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे हुए थे। जांच करने पर उनमें कुल 5 किलो 210 ग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने गांजा के साथ घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक रियलमी मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया। मामले में थाना सरिया में अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गजेंद्र कुमार, सउनि सुमन कुमार चौहान, प्रधान आरक्षक विजय यादव, मोहन गुप्ता, भोजराम नट, आरक्षक श्रवण टंडन, लक्ष्मीनारायण पटेल और नर्मदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


