भटगांव उप-पंजीयक कार्यालय में भ्रष्टाचार का खेल? किसानों से वसूली और कमीशनखोरी के आरोप, जांच नहीं हुई तो घेराव की चेतावनी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// भटगांव उप-पंजीयक कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ) के प्रदेश महासचिव रेशम लाल अजय ने इस मामले को लेकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भटगांव उप-पंजीयक कार्यालय में किसानों और आम लोगों से दस्तावेजी कार्यों के नाम पर मनमानी वसूली की जा रही है।

Join WhatsApp Group Click Here

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश महासचिव रेशम लाल अजय ने उल्लेख किया है कि एक वीडियो के माध्यम से भटगांव में पदस्थ तहसीलदार के नाम से गंभीर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की लड़ाई को लेकर यह मुद्दा उठाया गया है और बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उप-पंजीयक कार्यालय भटगांव में लंबे समय से कमीशनखोरी का खेल चलने की शिकायतें मिल रही हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों के दस्तावेजों या आधार कार्ड में छोटी-छोटी त्रुटियां बताकर काम में देरी और परेशानी का डर दिखाया जाता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भटगांव उप-पंजीयक कार्यालय में पदस्थ तहसीलदार और उप-पंजीयक (सब-रजिस्ट्रार) नीलिमा अग्रवाल के नाम पर मनचाही कमीशन वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। रेशम लाल अजय ने कहा कि क्षेत्र के सीधे-साधे किसान जमीन रजिस्ट्री और अन्य जरूरी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें प्रक्रिया के नाम पर परेशान किया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसानों के शोषण से जुड़े इस पूरे मामले के पीछे आखिर कौन लोग हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है।

प्रदेश महासचिव ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच शुरू नहीं की गई तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के समर्थन में जिला कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि किसानों और आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़ा मामला है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेकर जांच की दिशा में क्या कदम उठाता है।

Scroll to Top