शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सारंगढ़-रायगढ़ मुख्य मार्ग स्थित टीमरलगा के पास सोमवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मार्ग से गुजर रहे लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हादसा कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है।
मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक घरघोड़ा क्षेत्र के टेंडा नवापारा गांव का निवासी बताया जा रहा है, जबकि युवती बिलाईगढ़ क्षेत्र के धौराभांठा गांव की रहने वाली थी। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर चंद्रपुर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान टीमरलगा मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन घटनास्थल से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मार्ग पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर दुर्घटना की वजह अज्ञात वाहन की टक्कर मानी जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।



