अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की कोसा साड़ियां और हस्तशिल्प बने आकर्षण का केंद्र, VR जोन में मिल रहा चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव..

शेयर करें...

रायपुर// नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की विविधता देखने को मिल रही है। छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कोसा सिल्क साड़ियां, हाथ से बुने वस्त्र, बेलमेटल की कलाकृतियां, जनजातीय आभूषण और वनोपज से तैयार उत्पादों को देखने और खरीदने में आगंतुक रुचि दिखा रहे हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

पवेलियन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनकरी कला को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। चांपा और रायगढ़ की प्रसिद्ध कोसा साड़ियां, आकर्षक डिजाइन वाले हथकरघा वस्त्र, दुपट्टे और अन्य परिधान लोगों को पसंद आ रहे हैं। बिलासा हैंडलूम, शिल्प कुंज, शारदा कोसा और नवयुवक बुनकर सहकारी समिति सहित विभिन्न स्टॉलों पर प्रदेश के बुनकरों की कारीगरी देखने को मिल रही है। पारंपरिक बुनाई और आधुनिक डिजाइन का मेल इन वस्त्रों को खास पहचान दे रहा है।

बेलमेटल और जनजातीय शिल्पकला भी आकर्षण

छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध बेलमेटल शिल्पकला भी पवेलियन में लोगों का ध्यान खींच रही है। धातु से बनी हिरण, हाथी, पक्षियों और अन्य पशु-पक्षियों की आकृतियां, पारंपरिक सजावटी वस्तुएं और जनजातीय आभूषण प्रदेश की समृद्ध शिल्प परंपरा को प्रदर्शित कर रहे हैं। इन कलाकृतियों की बारीक कारीगरी और विशिष्ट डिजाइन आगंतुकों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा माटीकला, खादी और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद भी प्रदर्शनी में शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के स्टॉल पर वन संपदा से तैयार कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ हर्बल ब्रांड के तहत तैयार खाद्य पदार्थ, हर्बल उत्पाद और प्रसंस्कृत सामग्री लोगों की रुचि का केंद्र बनी हुई है। वहीं, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के स्टॉलों पर स्थानीय कृषि उत्पाद, मिलेट्स और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित की गई है। इनके माध्यम से प्रदेश के स्थानीय संसाधनों, वन संपदा और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को सामने रखा जा रहा है।

VR जोन में चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव

छत्तीसगढ़ पवेलियन में आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने के लिए विशेष वर्चुअल रियलिटी (VR) जोन तैयार किया गया है। यहां आगंतुक प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव ले रहे हैं। VR तकनीक के माध्यम से जलप्रपात की विशाल जलधारा और आसपास के प्राकृतिक दृश्यों को करीब से महसूस करने का अवसर मिल रहा है। यह अनुभव लोगों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक खूबसूरती से परिचित कराने के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रति रुचि बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है।

कांगेर घाटी और तीरथगढ़ की भी मिल रही जानकारी

पवेलियन में वन एवं इको-टूरिज्म पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, तीरथगढ़ जलप्रपात सहित प्रदेश के प्रमुख प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है। इसके जरिए छत्तीसगढ़ में प्रकृति आधारित पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। कुल मिलाकर, भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पादों, वन संपदा और आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदेश की विविध पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आगंतुकों के सामने प्रस्तुत कर रहा है।

Scroll to Top