शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध भंडारण और परिवहन पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले में व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धान खरीदी केंद्रों और चेकपोस्टों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कार्रवाई के दौरान बिलाईगढ़ में मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के यहां से 2700 बोरी धान जब्त किया गया, वहीं सालर में जांच के दौरान 98 कट्टा धान की जब्ती की गई है।
बिलाईगढ़ में 2700 बोरी धान जब्त, सालर में भी कार्रवाई
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू द्वारा समय-सीमा बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में जिला प्रशासन अवैध धान भंडारण और परिवहन पर नजर रख रहा है। इसी क्रम में बिलाईगढ़ में मेसर्स रोहित कुमार देवांगन के यहां अवैध भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2700 बोरी धान जब्त किया गया। वहीं सालर में एसडीएम द्वारा धान भंडारण की जांच की गई। इस दौरान अवैध रूप से रखे गए 98 कट्टा धान को जब्त किया गया। प्रशासन द्वारा दोनों मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
साहू ट्रेडर्स और सलिहा घाट चेकपोस्ट का निरीक्षण
बिलाईगढ़ एसडीएम शिक्षा शर्मा के मार्गदर्शन में तहसीलदार भटगांव प्रकाश पटेल ने साहू ट्रेडर्स, अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट और सलिहा घाट धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी और परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धान के आवागमन पर सतर्कता से नजर रखने और खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
जिले में 21 चेकपोस्ट और 95 खरीदी केंद्रों से निगरानी
धान के अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए जिले में कुल 21 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। वहीं जिले की 80 सेवा सहकारी समितियों के अंतर्गत 95 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं। इन चेकपोस्टों और खरीदी केंद्रों के माध्यम से धान के आवागमन और खरीदी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध रूप से धान का भंडारण या परिवहन किए जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान दूसरे क्षेत्रों से अवैध रूप से धान लाकर खपाने और नियमों के विपरीत भंडारण करने वालों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी जांच और कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।


