शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी भविष्य की तकनीकी शिक्षा से जुड़ेंगे। ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को आधुनिक तकनीक में दक्ष बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क AI और तकनीकी शिक्षा देने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर पद्मिनी भोई ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बुनियादी जानकारी और आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान केवल निजी स्कूलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की तरह आधुनिक तकनीक सीखने और समझने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए स्कूलों में डिजिटल लैब की उपलब्धता सुनिश्चित करने, शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा विद्यार्थियों की उम्र और कक्षा के अनुरूप सरल एवं उपयोगी पाठ्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज चिकित्सा, कृषि, शिक्षा, उद्योग और प्रशासन सहित लगभग हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में स्कूली स्तर से ही बच्चों को AI की जानकारी देना जरूरी है। इससे विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, समस्या समाधान, रचनात्मक सोच और तकनीकी समझ विकसित होगी। साथ ही वे भविष्य में डिजिटल अर्थव्यवस्था, रोजगार और नए करियर विकल्पों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण विद्यार्थियों के बीच तकनीकी शिक्षा की खाई को कम करना है, ताकि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे के आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने में बाधा न बनें। यदि यह कार्ययोजना प्रभावी ढंग से लागू होती है तो सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए भविष्य की तकनीकी दुनिया में आगे बढ़ने के नए रास्ते खुलेंगे।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) तथा शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।


