सीएचसी लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा और चपले को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन, पुसौर ने प्रदेश में 97 प्रतिशत अंक के साथ हासिल किया पहला स्थान..

शेयर करें...

रायगढ़// रायगढ़ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा और चपले को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण उपचार सेवाओं, सुरक्षित प्रसव, आधुनिक जांच सुविधाओं, संक्रमण नियंत्रण तथा बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन का परिणाम है। विशेष रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ने 97 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। यह सफलता रायगढ़ में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिबद्धता की एक बड़ी मिसाल बनकर सामने आई है।

Join WhatsApp Group Click Here

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित इन स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के अनुरूप सेवाएं प्रदान करने के लिए यह प्रमाणन दिया गया है। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का यह महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है। एनक्यूएएस मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों को मरीजों की देखभाल, दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन उपचार, प्रयोगशाला सेवाएं, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा मरीजों की संतुष्टि जैसे अनेक मानकों पर परखा गया। लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा और चपले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता सुनिश्चित की। इन स्वास्थ्य केंद्रों में सुरक्षित प्रसव सेवाओं, नवजात शिशु देखभाल, आधुनिक जांच सुविधाओं तथा संक्रमण नियंत्रण के लिए अपनाई गई व्यवस्थाओं को विशेष सराहना मिली। अस्पतालों में स्वच्छता, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन और मरीजों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयासों को भी मूल्यांकन के दौरान बेहतर पाया गया।

मरीजों को मिलेगा बेहतर और आधुनिक उपचार का लाभ

एनक्यूएएस प्रमाणन प्राप्त होने के बाद इन स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत प्रमाणित स्वास्थ्य संस्थानों को अतिरिक्त वित्तीय प्रोत्साहन भी प्राप्त होगा। इस राशि का उपयोग अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने में किया जाएगा। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

पुसौर बना प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

जिले के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ने एनक्यूएएस मूल्यांकन में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि रायगढ़ जिले के स्वास्थ्य तंत्र की मजबूती और स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण को दर्शाती है। इस सफलता के पीछे डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, पैरामेडिकल कर्मचारियों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा प्रशासनिक अधिकारियों की निरंतर मेहनत और समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की अपेक्षा जताई है। एनक्यूएएस प्रमाणन मिलने से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति आम जनता का विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा रायगढ़ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

Scroll to Top