छत्तीसगढ़ में भाजपा को बहुमत : भूपेश बघेल ने CM पद से दिया इस्तीफा, कहा- जो जनादेश मिला स्वीकार, पढ़ें पूरी खबर..

शेयर करें...

रायपुर/ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सत्ता हाथ से खिसकने के साथ ही डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सहित 9 मंत्री चुनाव हार गए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देर रात राजभवन पहुंचकर अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि, हार की समीक्षा करेंगे। जो जनादेश मिला है, उसे स्वीकार करते हैं। भाजपा को बधाई।

Join WhatsApp Group Click Here

चुनाव आयोग के मुताबिक, दो तिहाई सीटों पर भाजपा को बहुमत मिला है। भाजपा ने 54 कांग्रेस को 35 सीटें मिली हैं। वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने 1 सीट पर जीत दर्ज की है। सबसे बड़ा झटका सरगुजा और रायपुर में कांग्रेस को लगा है। यहां सभी सीटें कांग्रेस के हाथ से निकल गई हैं।

सीएम के लिए पहला नाम रमन सिंह का, पर OBC चेहरा भी

बहुमत मिलने के बाद भाजपा में अब सीएम की रेस है। डॉ. रमन सिंह का नाम सबसे आगे है, लेकिन पार्टी शुरुआत से ही OBC की बात करती रही है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और धरमलाल कौशिक बड़ा चेहरा हैं। वहीं आदिवासी चेहरे के रूप में विष्णुदेव साय और रामविचार नेताम बड़ा नाम हैं।

वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष के लिए कांग्रेस की ओर से चरणदास महंत और भूपेश बघेल का नाम पहली कतार में है। भूपेश बघेल OBC के रूप में कांग्रेस के पास राष्ट्रीय चेहरा हैं, इसलिए हो सकता है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इसे भुनाना चाहे।

दो राष्ट्रीय पार्टी का खाता ही नहीं खुला, JCCJ भी साफ

राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त बहुजन समाज पार्टी (BSP) और आम आदमी पार्टी (AAP) का खाता ही नहीं खुला है। वहीं पिछली बार 5 सीटें जीती छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस- जे (JCCJ) पूरी तरह से इस बार साफ हो गई। पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष भी अपनी सीट नहीं बचा सके। वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) ने दो दशक बाद एक सीट जीती है।

रमन सिंह ने कहा- मोदी की गारंटी पर जनता का तिलक

पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि, छत्तीसगढ़ महतारी की जय! छत्तीसगढ़ में भाजपा की इस प्रचंड जीत के पीछे प्रदेशवासियों के आशीर्वाद के साथ ही के केंद्रीय नेतृत्व का परिश्रम और कुशल नेतृत्व समाहित रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी की गारंटी पर जनता ने विजय तिलक लगाया है। हम मिलकर छत्तीसगढ़ का विकास करेंगे।

सैलजा बोलीं- ये जनादेश निराशाजनक, पर कांग्रेस निराश नहीं

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि, जनता का जनादेश स्वीकार है। 5 साल पूरी निष्ठा के साथ छत्तीसगढ़ की सेवा की। हर वर्ग के लिए हर तरह से हमारा प्रयास रहा, लेकिन हम अपना संदेश लोगो तक नही पहुंचा पाए। उन्होंने कहा कि, यह जनादेश निराशाजनक है, लेकिन कांग्रेस निराश नहीं है।

उन्होंने कहा कि, हार कर फिर खड़ा होना है, हमारे कार्यकर्ता तैयार रहेंगे। वंचित लोगों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि, जो जीते है उन्हें बधाई देते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि बीजेपी की सरकार लोगों का ध्यान रखे, लोक तंत्र का ख्याल रखे, हमने जो कार्य शुरू किए हैं उन्हें आगे जारी रखें।

चुनाव मैदान में थीं 155 महिलाएं

चुनाव में भाजपा-कांग्रेस सहित अन्य दलों और निर्दलीय मिलाकर 1181 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हुआ। पहले चरण में 223 प्रत्याशियों में 198 पुरुष और 25 महिलाएं थीं। वहीं दूसरे चरण में 958 उम्मीदवारों में 827 पुरुष और 130 महिलाएं चुनावी मैदान में थे। भाजपा ने इस बार 15 और कांग्रेस से 18 महिलाओं को टिकट दिया था।

पिछले चुनाव यानी 2018 में 132 महिला प्रत्याशी चुनाव में उतरी थीं, लेकिन इनमें से सिर्फ 13 को ही जीत मिली। भाजपा ने तब 14 महिलाओं को टिकट दिया, जिसमें सिर्फ 1 को जीत मिली, वहीं कांग्रेस की 13 में से 10 महिला प्रत्याशी जीतकर विधानसभा पहुंची थी।

Scroll to Top