शेयर करें...
मुंगेली// जिले में लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने में जरहागांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
शादी का झांसा देकर नाबालिग को ले गया था आरोपी
मामला थाना जरहागांव में दर्ज अपराध क्रमांक 176/2024 से जुड़ा है। 26 सितंबर 2024 को ग्राम छोटे बरेला में एक नाबालिग के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी रूपेश उर्फ पप्पू निर्मलकर ने शादी का झांसा देकर पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और हैदराबाद में उसके साथ दुष्कर्म किया।
लंबे समय से फरार, कोर्ट ने जारी किया था स्थायी वारंट
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था और गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
तखतपुर से दबोचा गया आरोपी, भेजा गया जेल
26 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने ग्राम टिकरीपारा, तखतपुर (जिला बिलासपुर) में दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी शोभा यादव, आरक्षक उमेश सोनवानी, रोहित पटेल सहित थाना जरहागांव पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


