सरिया कॉलेज में साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके, सेल्फी QR Code स्कैन कर सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 21 अगस्त को शशिधर पंडा शासकीय महाविद्यालय सरिया में थाना सरिया के सहयोग से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों को साइबर अपराध से बचाव के जरूरी उपाय बताए गए।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम के दौरान थाना सरिया से पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी दी। फर्जी कॉल और मैसेज, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की समझाइश दी गई। विद्यार्थियों से कहा गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या निजी जानकारी साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

पुलिस ने साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने बताया कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत करने से पैसे को रोकने या वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से करें और किसी अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक, फाइल या मैसेज पर भरोसा न करें।

यह अभियान केवल कॉलेज तक सीमित नहीं है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन में शुरू हुआ ‘साइबर जागृति अभियान’ 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक सात चरणों में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाना है।

इस कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य प्रमिला पटेल, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी हर्षा साहू, मनीष खंडेकर, जयश्री गुप्ता सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं और एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों से ‘साइबर जागृति अभियान’ के सेल्फी QR Code को स्कैन कर सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील भी की गई, ताकि साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार ने थाना सरिया की टीम का आभार जताया। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की कि ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Scroll to Top