शराब पीकर जमीन पर गिर पड़े ASI-कांस्टेबल सस्पेंड, कैदी को जेल पहुंचाने गये पुलिसकर्मियों ने किया शर्मिंदा, वायरल वीडियो पर हुई छुट्टी..

शेयर करें...

रायपुर// अंबिकापुर में प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास शराब के नशे में बेसुध मिले दुर्ग जिले में पदस्थ एएसआई और आरक्षक के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। दोनों पुलिसकर्मियों के पास उनकी सर्विस राइफल लावारिस हालत में पड़ी मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर बस स्टैंड चौकी पुलिस ने राइफल को अपने कब्जे में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया और दुर्ग एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

Join WhatsApp Group Click Here

कैदी को अंबिकापुर जेल छोड़ने आए थे पुलिसकर्मी

जानकारी के मुताबिक, दुर्ग जिले से बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने के लिए एएसआई प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को 17 अक्टूबर को ड्यूटी पर भेजा गया था। इसी दौरान दोनों पुलिसकर्मियों के शराब के नशे में बेसुध हालत में मिलने की बात सामने आई। सोमवार सुबह प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास दोनों पुलिसकर्मी एक ठेले के नजदीक पड़े मिले। वहीं, एएसआई की सर्विस INSAS राइफल भी पास में लावारिस हालत में पड़ी थी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

लावारिस राइफल मिलने से सुरक्षा पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद बस स्टैंड चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे में लिया। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही और सरकारी हथियार के लावारिस मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए।

खबर सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया संज्ञान

मामले को हरिभूमि डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दुर्ग एसपी ने एएसआई प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को निलंबित करने की कार्रवाई की है। घटना ने पुलिसकर्मियों के अनुशासन और ड्यूटी के दौरान सरकारी हथियारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Scroll to Top