शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिल और देश में कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उग्रसेन साहू के नेतृत्व में आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस के महिला-पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस ने बिजली की समस्या को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा, वहीं चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और मुख्य निर्वाचन आयुक्त की भूमिका की समीक्षा की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी दिया।

गांधी चौक से निकली रैली, बिजली कार्यालय में जमकर नारेबाजी
प्रदर्शन की शुरुआत गांधी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में सरिया बस्ती होते हुए बिजली कार्यालय पहुंचे। यहां पुलिस ने बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान बिजली विभाग मुर्दाबाद और ओपी चौधरी मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।

प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग के जेई मदन नायक प्रदर्शनकारियों को समझाइश देते रहे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े बिजली बिल को लेकर नाराजगी जताई। अंत में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन जेई मदन नायक को सौंपा। ज्ञापन में सरिया क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती बंद करने, कृषि पंपों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की गई है।

किसानों की फसल पर संकट, स्मार्ट मीटर के बिल से आम जनता परेशान : कांग्रेस
कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा है कि सरिया क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। क्षेत्र के लगभग सभी गांवों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, लेकिन पार्टी का आरोप है कि पुराने मीटर की तुलना में नए मीटर से बिजली बिल काफी अधिक आ रहे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ ग्रामीण और किसान वर्ग भी परेशान है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कृषि पंपों के लिए कई-कई घंटे बिजली कटौती की जा रही है। फसल के अंतिम दौर में बिजली की अनियमित आपूर्ति से किसानों की फसल प्रभावित होने का खतरा है। ऐसे समय में बिजली की कमी किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। पार्टी ने प्रशासन से जल्द बिजली कटौती बंद कराने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया आगे उग्र आंदोलन करेगी।

तहसील कार्यालय का घेराव, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी
बिजली कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस की रैली मुख्य मार्ग से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय का घेराव करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। तहसीलदार पुष्पेंद्र राज की अनुपस्थिति में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन राजस्व निरीक्षक हेमसागर चौधरी को सौंपा गया।
ज्ञापन में कांग्रेस ने देश की चुनावी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। साथ ही मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और कार्यप्रणाली से संबंधित उठ रहे सवालों की समीक्षा करने तथा संवैधानिक प्रावधानों के तहत उन्हें पद से हटाने की मांग पर विचार करने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं। मतदाता सूची की विश्वसनीयता और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता कायम रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

अटल चौक पर पुतला दहन के दौरान पुलिस से धक्कामुक्की
तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के बाद रैली सरिया के अटल चौक पहुंची, जहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। डीएसपी संतोषी ग्रेस और थाना प्रभारी सत्यवादी साहू सहित पुलिस के अन्य जवान कानून-व्यवस्था संभालते नजर आए। पुतला दहन के बाद रैली गांधी चौक पहुंची, जहां आंदोलन समाप्त हुआ।
शरद यादव बोले : वोट चोरी के आरोपों पर जवाब दे सरकार
प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि शरद यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में चुनावी प्रक्रिया और वोट चोरी को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर मुखर होकर आवाज उठाई है और कई तथ्य सामने रखे हैं। उनके अनुसार, जब भी वोट चोरी का मुद्दा उठता है, भाजपा सरकार निर्वाचन आयोग का बचाव करती नजर आती है।
शरद यादव ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ही रैली, प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में लाए गए कानून के जरिए निर्वाचन आयोग के मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार को संरक्षण दिया गया है। उनका दावा था कि संबंधित प्रावधानों के कारण पद पर रहते हुए या सेवानिवृत्ति के बाद भी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई को लेकर विशेष सुरक्षा मिलती है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक जवाबदेही से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सवाल उठाया कि निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष समीक्षा क्यों नहीं होनी चाहिए।
ताराचंद देवांगन ने बिजली कटौती और किसानों की परेशानी का मुद्दा उठाया
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने भी केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा केवल किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी वोट चोरी के मुद्दे को लेकर आवाज उठा रहे हैं।
देवांगन ने सरिया क्षेत्र में बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के नाम पर बढ़े बिजली बिल को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसान फसल के अंतिम दौर में हैं और ऐसे समय में लगातार बिजली कटौती से उनकी फसल पर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विष्णु सरकार के सुशासन में किसानों को इसी तरह परेशान होना पड़ेगा? उन्होंने कहा कि बिजली कार्यालय और तहसील कार्यालय का घेराव कर कांग्रेस ने जनता की समस्याओं और चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया है।
रामचंद्र शर्मा बोले मताधिकार की रक्षा जनता की लड़ाई
वरिष्ठ कांग्रेसी रामचंद्र शर्मा ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि हर नागरिक के अधिकारों से जुड़ी लड़ाई है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लेख करते हुए मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में समानता के महत्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के कारण लोगों के मताधिकार पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि किसी भी नागरिक के अधिकारों का हनन न हो। उन्होंने लोगों से अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता के लिए आवाज उठाने की अपील की।
दो अलग-अलग ज्ञापन, दोनों मुद्दों पर कार्रवाई की मांग
इस प्रदर्शन में कांग्रेस ने दो प्रमुख मुद्दों को लेकर प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी। पहला ज्ञापन बिजली कटौती, कृषि पंपों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े बिजली बिल की शिकायतों पर कलेक्टर के नाम बिजली विभाग के जेई मदन नायक को सौंपा गया। दूसरा ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम तहसील कार्यालय में राजस्व निरीक्षक हेमसागर चौधरी को दिया गया, जिसमें चुनावी पारदर्शिता, मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग पर संवैधानिक प्रक्रिया के तहत विचार करने का आग्रह किया गया।
कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि सरिया क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आगे आंदोलन तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि शरद यादव, प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह आहूजा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरिया अध्यक्ष उग्रसेन साहू, ब्लॉक प्रभारी महेश देहरी, रामचंद्र शर्मा, दीपक मंडल, महामंत्री हिमांशु पाणीग्राही, मंडल अध्यक्ष रूप पटेल, अगनू पटेल, प्रकाश पुरोहित, जयप्रकाश साहू, हलधर मराठा, संजय प्रधान, रूप डनसेना, राजू प्रधान, संजय प्रधान सांकरा, मोहित प्रधान, केदार प्रधान, भुवन विजय, ललित डनसेना, प्रदीप पांडे, त्रिलोक निषाद, सरोज प्रधान, उपेंद्र पात्रे, पूर्ण चंद बैरागी, बीसीकेशन प्रधान, अरुण सिदार, बजरंग अग्रवाल, नेपाल यादव, हेमसागर सिदार, हेमसागर सारथी, बिक्रम गुप्ता, गुरुदेव चौहान, मुकेश ओगरे, जगदीश पटेल, दिलीप पटेल, युवराज चौधरी, भोला डनसेना, मानस साहू, नेहरू साहा, पंचानन, गौतम बारीक, पिंटू प्रधान, शिव, श्रीकांत यादव, ललित बारीक, ईश्वर वैष्णव, भोगीलाल पटेल, मुकेश पटेल, शक्राजीत सहिस, संतोष चौहान, संजय पटेल, विष्णु चौहान, बासु पटेल, खुशीराम पटेल, आदिवासी ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार सिदार, हेमराम डनसेना, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अनीता पात्रे, गोविन्द और भीष्म यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



You must be logged in to post a comment.