शेयर करें...
मुंगेली// नाबालिग बालिका के अपहरण और दैहिक शोषण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले में एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से पीड़िता को महाराष्ट्र के पुणे से सुरक्षित बरामद किया गया।
शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम
मामला तब सामने आया जब पीड़िता के परिजन ने 1 मार्च 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पीड़िता की तलाश के लिए टीम गठित की।
पुणे में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम को पुणे भेजा गया, जहां 30 अप्रैल को आरोपी दुजे राम ध्रुव को पकड़ा गया। उसके कब्जे से पीड़िता को सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा और उसके साथ शारीरिक शोषण करता रहा।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। 3 मई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक पारख राम साहू, राजेश बंजारे, नोहर डडसेना और चंद्रसेन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


