रील बनाने के चक्कर में सड़क पर स्टंट, रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे पर पुलिस का सख्त एक्शन और जुर्माना..

शेयर करें...

रायगढ़// सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में युवक सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार और जोखिम भरे अंदाज में बाइक चलाते नजर आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए रायगढ़ पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।

Join WhatsApp Group Click Here

वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में

जांच में सामने आया कि वीडियो तमनार थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20) निवासी कुंजेमुरा के रूप में की। युवक को थाने बुलाकर पूछताछ की गई, जहां उसने खुद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना स्वीकार किया।

पुलिस ने लगाई फटकार, लगाया जुर्माना

थाने में युवक को स्टंटबाजी के खतरों और उसके कानूनी परिणामों के बारे में समझाया गया। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत उस पर जुर्माना लगाते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई। खास बात यह रही कि युवक रिटायर्ड पुलिसकर्मी नरेंद्र सिदार का बेटा है, उसके बावजूद भी नियमों के तहत ही कार्रवाई की गई।

एसएसपी का सख्त संदेश

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। उन्होंने साफ कहा कि सड़क पर स्टंट करना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि जान के लिए भी खतरा है। चाहे कोई भी हो, ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Scroll to Top