शेयर करें...
रायगढ़// दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन युवक के घर तक पहुंच गया। घर में घुसकर मारपीट करने और जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मारपीट में शामिल था और उसने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया था। उसके कब्जे से वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मामले में तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
पटाखे फोड़ने की बात पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था।
इसी दौरान वहां पटाखे फोड़ रहे हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश का कॉलर पकड़कर हाथ-मुक्के और थप्पड़ों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया। घटना के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए।
सुबह घर में घुसकर की मारपीट, जबरन कार में ले गए
रिपोर्ट के मुताबिक, 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे निमिश अपने घर में सो रहा था। तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास सड़क पर ले गए, जहां फिर से मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, घटना का वीडियो हनी अग्रवाल ने बनाया था। बाद में आरोपी युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
दीप अग्रवाल गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) और 3(5) में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान 12 नवंबर को पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल पिता रविन्द्र अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर गली नंबर 03, कोतरारोड़, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। 13 नवंबर को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में फरार अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल और लक्ष्य शुक्ला की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के सतत पर्यवेक्षण में आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। इसमें प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतवाली अजय नागवंशी, निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु देवांगन, एएसआई कोसो जगत तथा हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


