शेयर करें...
रायगढ़// वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। ऑपरेशन तलाश के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई को जगदलपुर से पकड़कर रायगढ़ लाया, जहां उसे न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
RTO एजेंट बनकर की थी लाखों की ठगी
मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है, जहां वाहन व्यवसायी राकेश कुमार नागवानी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में उन्होंने नीलामी से करीब 50 पुराने वाहन खरीदे थे। इन्हीं वाहनों का दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर आरोपी अजय पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने खुद को RTO एजेंट बताकर उनसे संपर्क किया। दोनों ने अलग-अलग माध्यमों से करीब 6 लाख 93 हजार रुपये लिए, लेकिन बाद में दिए गए दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आई।
फर्जी दस्तावेज और बाउंस चेक से खुला खेल
जांच में पता चला कि कई वाहन प्रार्थी के नाम पर रजिस्टर ही नहीं हुए थे। शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के लिए दो चेक भी दिए, जिनमें एक बाउंस हो गया जबकि दूसरे में गलत जानकारी दी गई थी। इससे साफ हो गया कि पूरा मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का था। इसके बाद चक्रधरनगर थाना में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर से दबोचा गया आरोपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान थाना प्रभारी राकेश मिश्रा की टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी और पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।
आर्थिक अपराधियों पर लगातार सख्ती
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि आर्थिक अपराध और धोखाधड़ी के मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का फोकस पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाने और ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने पर है।


