AI की मदद से बनाता था चोरी की बाइक के फर्जी दस्तावेज, सारंगढ़ पुलिस ने 8 मोटरसाइकिलों के साथ शातिर चोर को पकड़ा..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में सारंगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। हैरानी की बात यह है कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था और फिर इन्हें बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेच देता था।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और एसडीओपी सारंगढ़ गोविन्द दीवान के नेतृत्व में जिले में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने वाहन चोरी के मामले में अनिल पटेल, निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना बरमकेला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।

AI तकनी।क से तैयार करता था फर्जी दस्तावेज

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल कर उनके फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। इसके बाद इन्हीं दस्तावेजों के सहारे चोरी के वाहनों को कम कीमत पर बेच देता था। इस तरीके से आरोपी वाहन चोरी के साथ-साथ फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की वारदात को भी अंजाम दे रहा था।

इन 8 मोटरसाइकिलों को किया गया बरामद

पुलिस द्वारा जब्त की गई मोटरसाइकिलों में तीन हीरो HF डीलक्स, एक होंडा साइन, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस, एक होंडा एक्टिवा 5G, एक बजाज प्लेटिना और एक होंडा साइन SP शामिल हैं।

बरामद वाहनों का विवरण इस प्रकार है:

  1. हीरो HF डीलक्स – नीला रंग, इंजन नंबर CHA11ESNHF03369, चेसिस नंबर MBLHAWL49NHF03431।
  2. होंडा साइन – ग्रे रंग, इंजन नंबर JC85ED0095795, चेसिस नंबर ME4JC852HLD061349।
  3. हीरो HF डीलक्स – नीला-सिल्वर रंग, इंजन नंबर HA11ECPHD01021, चेसिस नंबर MBLHAW14XPHD01023।
  4. हीरो स्प्लेंडर प्लस – काला रंग, इंजन नंबर HA10AHKHH06351, चेसिस नंबर MBLHAW086KHH15378।
  5. होंडा एक्टिवा 5G – ग्रे रंग, इंजन नंबर JF92ED0009376, चेसिस नंबर ME4JF921EKD009596।
  6. हीरो HF डीलक्स – काला-सिल्वर रंग, इंजन नंबर AH11ERL9C15870, चेसिस नंबर MBLHAC049L9C08336।
  7. बजाज प्लेटिना – वाहन क्रमांक CG13 T9355।
  8. होंडा साइन SP – वाहन क्रमांक CG13 AR2875।

कम कीमत पर वाहन बेचने वालों से रहें सतर्क : पुलिस

सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें तथा वाहन के जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखें। यदि कोई व्यक्ति बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर वाहन बेचने का प्रस्ताव देता है या संदिग्ध दस्तावेज प्रस्तुत करता है, तो सतर्क रहें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें।

Scroll to Top