शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बाल दिवस के अवसर पर जिला यातायात पुलिस ने बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष पहल की। 14 नवंबर को बिलाईगढ़ स्थित श्री श्याम वर्ल्ड स्कूल में यातायात पुलिस की टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और देश के नए कानूनों की जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की सीख दी गई, वहीं अभिभावकों से अपने नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व और देश के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति प्रेम एवं उनके विचारों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए अच्छी शिक्षा के साथ अनुशासन, अच्छे संस्कार और स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी जरूरी है।
सड़क पर सुरक्षा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी
यातायात जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के जरूरी नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने स्पष्ट रूप से समझाया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मोटरसाइकिल और कार जैसे वाहन नहीं चलाने चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।
ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के खतरों से भी किया सतर्क
कार्यक्रम में केवल यातायात नियमों तक ही जागरूकता सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों को डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के तरीके भी बताए गए। यातायात पुलिस टीम ने ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी।
बच्चों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल से सतर्क रहने और अपना ओटीपी व पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। साथ ही बताया गया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी या साइबर धोखाधड़ी होती है तो घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
नाबालिग को वाहन दिया तो अभिभावकों पर होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने अभिभावकों को भी विशेष संदेश देते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने के लिए न दें। बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट उपयोग पर भी उचित निगरानी रखें। इसके साथ ही अभिभावकों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई, ताकि बच्चे भी उनसे अनुशासन और सुरक्षा की सीख ले सकें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो मोटरयान अधिनियम की धारा 199A के तहत अभिभावक अथवा वाहन स्वामी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है। बाल दिवस पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से यातायात पुलिस ने बच्चों को सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।


