मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली को दी 465 करोड़ की सौगात, 77 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, किसानों को मिलेंगे 13,839 रुपये प्रति एकड़..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 77 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 24 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपये से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Join WhatsApp Group Click Here

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 3100 रुपये मिलेगा समर्थन मूल्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। धान खरीदी को सुगम बनाने के लिए प्रदेश में इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इन्हें मिलाकर लगभग 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।

कृषक उन्नति योजना के तहत 13,839 रुपये प्रति एकड़ मिलेगी सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। खास बात यह है कि किसानों को इस सहायता का लाभ लेने के लिए निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। यदि कोई किसान निर्धारित मात्रा से कम धान बेचता है, तब भी उसे सत्यापित रकबे के आधार पर पात्रता के अनुसार सहायता राशि मिलेगी।

सड़क, पेयजल और सिंचाई के लिए करोड़ों के कार्य

मुंगेली जिले में अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए लगभग 143 करोड़ रुपये की लागत के 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। इसके अलावा अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 203 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया। जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इन परियोजनाओं से पेयजल और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा।

कंतेली में कॉलेज और पंचायत भवन बनाने की घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका बनाने तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाविद्यालय भवन बनने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

महतारी वंदन योजना की 68 लाख महिलाओं को मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

हेल्पलाइन 1076 से दर्ज करा सकेंगे शिकायत

मुख्यमंत्री ने सुशासन की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके अलावा सेवा सेतु पोर्टल और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

रामलला दर्शन और प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने श्रीरामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं, विशेषकर वरिष्ठजनों को अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के दर्शन का अवसर मिल रहा है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे बिजली बिल में राहत मिल सकती है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रत्येक जिले की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुंगेली जिले में शुरू की गई विकास परियोजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Scroll to Top