चांटीपाली जंगल में महिला-पुरुष से लूट का फरार आरोपी रायगढ़ से गिरफ्तार, 1,500 नकद और बाइक जब्त..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला थाना क्षेत्र के चांटीपाली जंगल स्थित वॉच टॉवर के पास पुरुष और महिला से लूटपाट करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रायगढ़ जिले के गेरवानी प्लांट से पकड़ा। उसके कब्जे से लूटी गई कुल ₹5,300 की रकम में से शेष ₹1,500 नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

वारदात के बाद से फरार था आरोपी

पुलिस के अनुसार, चांटीपाली जंगल के वॉच टॉवर के पास सुनसान स्थान पर घूमने गए एक पुरुष और महिला के साथ लूटपाट की घटना हुई थी। इस मामले में बरमकेला थाने में अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 296, 351(3) और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। घटना के बाद से आरोपी गजानंद निषाद, पिता संजय निषाद, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम मल्दा, थाना सारंगढ़ फरार था।

गेरवानी प्लांट में छिपे होने की मिली जानकारी

फरार आरोपी की लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को उसके रायगढ़ जिले के गेरवानी प्लांट में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद थाना प्रभारी बरमकेला ए.के. बेक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से बचे ₹1,500 नकद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद 9 अक्टूबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल और डीएसपी गोविंद दीवान के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना बरमकेला के स्वतंत्र प्रभार पीएसआई भारती, उप निरीक्षक ए.के. बेक, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर पंडा, आरक्षक खिलावन बघेल, थाना बरमकेला के अन्य स्टाफ और साइबर सेल सारंगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top