समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने केंद्र एवं राज्य शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, प्रधानमंत्री आवास, निःशुल्क सायकल-गणवेश, पोषण शक्ति निर्माण, जल जीवन मिशन सहित लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश..

शेयर करें...

सारंगढ़–बिलाईगढ़// कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने समय-सीमा की बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की प्राथमिकता वाली विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति लाने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Join WhatsApp Group Click Here

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृति के बाद भी आवास निर्माण प्रारंभ नहीं करने वाले हितग्राहियों की विकासखंडवार स्थिति की समीक्षा की गई। एसडीएम कार्यालयों को भेजे गए वसूली प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जिले के बरमकेला, बिलाईगढ़ और सारंगढ़ विकासखंड में ऐसे प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली गई।

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना की प्रगति की जानकारी ली। जिले में 4,454 के लक्ष्य के विरुद्ध 4,450 सायकल का वितरण किया जा चुका है। इसी प्रकार निःशुल्क गणवेश योजना के तहत जिले में 1,09,602 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,09,602 गणवेश का वितरण पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने शेष सायकल वितरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत विद्यालयों में किचन गार्डन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिले में 80.44 प्रतिशत शालाएं किचन गार्डन से जुड़ी हैं, जबकि 19.56 प्रतिशत शालाएं किचन गार्डन विहीन हैं। कलेक्टर ने किचन गार्डन विहीन शालाओं में आवश्यक कार्रवाई करते हुए किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि योजना के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और पेयजल उपलब्धता से जुड़े कार्यों में आवश्यक गति लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भु अर्जन के लंबित प्रकरणों तथा सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अपने-अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी करते हुए निराकरण की प्रगति सुनिश्चित करने कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, सारंगढ़ एसडीएम उमेश कुमार साहू, बिलाईगढ़ एसडीएम ऋचा सिंह, डिप्टी कलेक्टर शंकर सिन्हा, वर्षा बंसल सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Scroll to Top