बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचते पकड़े जाने पर कृषि विभाग की कार्रवाई, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया कीटनाशक का नमूना..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// किसानों को गुणवत्तायुक्त और मानक स्तर के कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिले में कीटनाशक विक्रेताओं की जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम बेंगपाली में बिना वैध लाइसेंस के कीटनाशक बेचने का मामला सामने आया है। कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भंडारित कीटनाशकों को जब्त करने की कार्रवाई की।

Join WhatsApp Group Click Here

बिना लाइसेंस चल रहा था कीटनाशक विक्रय

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश और उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीम बिलाईगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग कीटनाशक विक्रय संस्थानों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बेंगपाली में देवेन्द्र साहू द्वारा बिना वैध अनुज्ञप्ति के कीटनाशक बेचने की सूचना मिली।

सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच की। विभाग के अनुसार जांच में देवेन्द्र साहू बिना लाइसेंस के कीटनाशकों का विक्रय करते पाए गए। इसके बाद टीम ने मौके पर भंडारित कीटनाशकों की नियमानुसार जब्ती की। जब्त सामग्री को संबंधित व्यक्ति के सुपुर्द किया गया।

कीटनाशक का सैंपल भी लिया गया

कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग की टीम ने कीटनाशकों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूना भी लिया। इसे परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। अब प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से बिल लेकर ही सामान खरीदने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। खरीदारी करते समय दुकानदार से बिल जरूर लें, ताकि किसी तरह की समस्या होने पर सामग्री और विक्रेता की जानकारी उपलब्ध रहे। विभाग का कहना है कि जिले में कृषि आदानों की गुणवत्ता और बिक्री व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसानों को मानक स्तर की सामग्री मिल सके।

निरीक्षण और कार्रवाई के दौरान जिला निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, कृषि विकास अधिकारी उमेंद्र साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीनानाथ साहू, मायाराम जोल्हे और ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर प्रकाश कुमार थवाईत मौजूद रहे।

Scroll to Top