शेयर करें...
सारंगढ़–बिलाईगढ़// कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए लगातार मैदानी स्तर पर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ऋषिकेश तिवारी ने जनपद पंचायत सारंगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत उलखर, पासिद, मल्दा एवं सिंघनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सभी अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले रोजगार सहायक, सचिव एवं तकनीकी सहायकों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवास निर्माण की नियमित निगरानी करने, हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, सरपंच, तकनीकी सहायक, पीओ, एडीईओ, एपीओ एवं सीईओ जनपद पंचायत राधेश्याम नायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


