पान ठेले पर विवाद के बाद मारपीट का आरोप, पूर्व विधायक प्रकाश नायक के बेटे ऋतिक पर दर्ज हुआ मामला..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// बरमकेला के झनकपुर चौक में पान खाने गए दो भाइयों के साथ विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में हितेश यादव की रिपोर्ट पर बरमकेला पुलिस ने ऋतिक नायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की है। रिपोर्ट के अनुसार, विवाद के दौरान कैची और कार की चाबी से मारने तथा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

एफआईआर में हितेश यादव ने बताया है कि 12 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई विवेक यादव के साथ खाना खाने के बाद झनकपुर चौक स्थित जायसवाल पान ठेले पर गया था। दोनों ने वहां मीठा पान बनाने के लिए कहा। इसी दौरान पास खड़े नावापाली निवासी ऋतिक नायक ने पान नहीं मिलने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक ऋतिक ने कैची हाथ में लेकर विवेक को डराया और उसके लोअर में निकले मोबाइल को यह कहते हुए पकड़ लिया कि वह वीडियो बना रहा है।

मोबाइल से भाई के चेहरे पर मारने का आरोप

रिपोर्ट के अनुसार, ऋतिक ने विवेक का मोबाइल अपने हाथ में लेने के बाद उसी मोबाइल से उसके बाएं गाल पर मार दिया। भाई के साथ मारपीट होते देख हितेश बीच-बचाव करने पहुंचा। शिकायत में बताया गया है कि इसी दौरान ऋतिक ने कार की चाबी से हितेश के सिर के पीछे वार किया, जिससे सिर के पीछे और बाईं आंख के पास चोट लगी।

हितेश ने पुलिस को बताया कि इसके बाद भी गाली-गलौज जारी रही और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के समय पान दुकान संचालक प्रकाश जायसवाल और उसके कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने घटना को देखा और सुना। बाद में हितेश घर पहुंचकर परिवार वालों को पूरी घटना की जानकारी दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पहले भी विवादों में रहा है ऋतिक का नाम

ऋतिक नायक पूर्व विधायक प्रकाश नायक के पुत्र हैं। उनके खिलाफ सामने आया यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इससे पहले भी ऋतिक का नाम मारपीट के एक मामले में सामने आ चुका है। दरअसल, अप्रैल 2022 में ऋतिक नायक और उनके साथियों पर रायगढ़ के कोतरारोड थाना परिसर में घुसकर एक ट्रक चालक और पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। उस समय यह मामला काफी चर्चा में आया था। मामले के बाद तत्कालीन विधायक प्रकाश नायक खुद अपने बेटे और अन्य आरोपियों को कोतवाली थाने लेकर पहुंचे थे, जहां उन्होंने सरेंडर किया था। इसके बाद अदालत के निर्देश पर आरोपियों को जेल भेजा गया था।

फिलहाल बरमकेला में हुई ताजा घटना में पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी। घटना को लेकर अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर क्या कार्रवाई करती है।

Scroll to Top