सरसीवां में 40 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, कार और KTM समेत 28.60 लाख की संपत्ति जब्त..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ए.एन.टी.एफ. और थाना सरसीवां पुलिस की संयुक्त टीम ने 40 किलो गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक होंडा सिटी कार, एक KTM मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 28 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार 12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और SDOP दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में ए.एन.टी.एफ. तथा थाना सरसीवां पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद ग्राम गाताडीह-गोपालपुर रोड पर राजकुमार राणा की ऑटो पार्ट्स दुकान के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान सफेद रंग की होंडा सिटी कार क्रमांक CG 04 LP 0011 को रोका गया। कार में टुकेश्वर यादव और गणेश राम यादव सवार थे, जबकि उनके आगे KTM मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 W 6889 से भावेश साहू और विनोद यादव पायलटिंग कर रहे थे।

कार में 40 पैकेटों में छिपाकर रखा था गांजा

तलाशी के दौरान पुलिस को होंडा सिटी कार के अंदर 40 पैकेट मिले, जिनमें कुल 40 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर मोटरसाइकिल से पायलटिंग कर रहे भावेश साहू और विनोद यादव को पकड़ा गया। उनके पास से KTM मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी ओडिशा से लंबर-सरसीवां मार्ग होते हुए गांजा लेकर पामगढ़ की ओर जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टुकेश्वर यादव पिता भोलाराम यादव उम्र 22 वर्ष निवासी बालांव थाना पामगढ़, गणेश राम यादव पिता दिलहरण यादव उम्र 21 वर्ष निवासी मुड़पार, हाल बारगांव थाना पामगढ़, भावेश साहू पिता राकेश साहू निवासी बारगांव थाना पामगढ़ और विनोद यादव पिता दौलत यादव निवासी बारगांव थाना पामगढ़ के रूप में हुई है।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, चारों आरोपी जेल भेजे गए

चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

24 घंटे में दो कार्रवाई, 50.761 किलो गांजा जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस के अनुसार पिछले 24 घंटे के भीतर थाना सरिया और थाना सरसीवां में गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 50.761 किलोग्राम गांजा, दो कार, एक KTM मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 36 लाख 49 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से जिले में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।

Scroll to Top