शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सरिया पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.761 किलो गांजा, एक टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत 8 लाख 26 हजार 500 रुपये है।
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को एएनटीएफ और थाना सरिया की टीम को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर कुछ लोग सरिया के रास्ते उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की ओर जा रहे हैं। इसके बाद थाना सरिया के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान ग्रे रंग की टोयोटा कार क्रमांक OD 05 N 6165 को रोककर उसमें सवार तीन लोगों को पकड़ा गया।
कार के बोनट में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो बोनट के अंदर बांधकर रखे गए 10 पैकेट गांजा बरामद हुए। इनका कुल वजन 10.761 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ टोयोटा कार और दो मोबाइल भी जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम बाबू चौधरी (28), विक्की सहनी (29) और जितेन्द्र चौधरी (32) के रूप में हुई है। तीनों बरगढ़, ओडिशा के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर सरिया के रास्ते प्रयागराज ले जा रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई, तीनों जेल भेजे गए
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में एएनटीएफ और थाना सरिया पुलिस की टीम ने की।


