शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// नशे के खिलाफ सारंगढ़ पुलिस के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने 2 से 4 सितंबर 2026 तक लगातार अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में सरिया, बरमकेला और डोंगरीपाली पुलिस के साथ एमसीपी लगाकर चलाए गए सघन जांच अभियान में 4 अलग-अलग गांजा तस्करी के मामलों में कुल 108.640 किलो गांजा बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में गांजे के साथ वाहनों और अन्य सामान समेत कुल ₹1 करोड़ 14 लाख 50 हजार 500 की संपत्ति जब्त की गई। अभियान के दौरान सारंगढ़ जिले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों के साथ एक अन्य स्थानीय तस्कर को पकड़ा गया, जबकि एक संयुक्त कार्रवाई में रायगढ़ पुलिस ने भी गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया।
बिरनीपाली बैरियर पर 15 किलो गांजा बरामद
2 सितंबर को डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के बिरनीपाली बैरियर के पास जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के तीन लोगों महेश निषाद, अमित पाठक और किशन सिंह को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 15.03 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब ₹7.50 लाख बताई गई है, बरामद किया गया।
कंचनपुर में कार से गांजा बरामद
3 सितंबर को कंचनपुर बैरियर पर एक अन्य कार्रवाई में पांच लोगों सोनू राय, रॉबिन मंडल, भोपाल मंडल, भूपेंद्र जाटवार और कन्हैया दास के कब्जे से 4.150 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा मारुति फ्रॉन्क्स कार CG 13 BK 4475 और पांच स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस मामले में कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब ₹13.35 लाख बताई गई है।
इसी दिन कंचनपुर बैरियर के पास एक अन्य कार्रवाई में 54.325 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹27.12 लाख है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल मारुति सुजुकी कार CG 10 EP 2600, जिसकी कीमत करीब ₹5 लाख है, भी जब्त की गई। इस मामले में उत्तर प्रदेश के वीरेंद्र कुमार चौरसिया और राहुल कुमार खटीक को गिरफ्तार किया गया। कुल जब्ती करीब ₹32.12 लाख की रही।
दो कारों की पायलटिंग से खुला तस्करी का राज
अभियान के दौरान कंचनपुर बैरियर पर पुलिस ने एक हुंडई औरा कार UP 70 RT 1067 को संदिग्ध हालत में रुककर पीछे मुड़ने का प्रयास करते देखा। पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ की। वाहन सवारों के जवाब और घबराहट भरे व्यवहार से संदेह होने पर पुलिस ने उनकी आने की दिशा में एक टीम रवाना की।
कुछ दूरी पर हुंडई औरा कार UP 70 RT 3451 सुनसान स्थान पर खड़ी मिली। उसमें सवार तीन लोगों से भी पूछताछ की गई। दोनों वाहनों में सवार कुल छह लोगों से लंबी पूछताछ के बाद जानकारी मिली कि उनके पीछे काले रंग की टाटा सफारी आ रही थी, जिसमें गांजा रखा था और दोनों कारें उसकी पायलटिंग कर रही थीं। पुलिस की चेकिंग देखकर दोनों कारों ने टाटा सफारी को अलर्ट किया, जिसके बाद वह रास्ता बदलकर वापस चली गई। पूछताछ में बताया गया कि गांजे को प्रयागराज, उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।
सूचना मिलते ही रायगढ़ पुलिस ने पकड़ी टाटा सफारी
सारंगढ़ पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना रूट में पड़ने वाले रायगढ़ जिले की पुलिस को दी। इसके बाद रायगढ़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लैलूंगा थाना क्षेत्र में टाटा सफारी और उसके साथ चल रही एक स्कूटी को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में रायगढ़ पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 34.865 किलो गांजा, दो हुंडई औरा कार, एक टाटा सफारी और एक स्कूटी जब्त की गई। इस मामले में जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹61.53 लाख बताई गई है।
सभी मामलों में आगे की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, सारंगढ़ में पकड़े गए आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। सभी मामलों में एंड-टू-एंड जांच जारी है, ताकि गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और इसके पीछे शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके। सारंगढ़ और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चले इस करीब 48 घंटे के सघन अभियान में कुल 108.640 किलो गांजा और ₹1,14,50,500 की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



You must be logged in to post a comment.