शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा पूर्व अपराधियों और आदतन बदमाशों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में थाना बरमकेला परिसर में निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों, आदतन बदमाशों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे 20 व्यक्तियों की परेड कराई गई। इस दौरान बरमकेला, सरिया और डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के लोगों को थाना परिसर में उपस्थित कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने उनकी पहचान, वर्तमान निवास, रोजगार, दैनिक गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि के संबंध में जानकारी ली।
अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जीने की समझाइश
पुलिस ने उपस्थित लोगों को समझाइश दी कि वे पुरानी आपराधिक गतिविधियों को पूरी तरह छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन बिताएं। परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए गलत संगति से दूर रहने तथा मेहनत और ईमानदारी से जीवन-यापन करने की सलाह दी गई। साथ ही अवैध शराब की बिक्री, मारपीट, धमकी, जुआ-सट्टा, चोरी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहने को कहा गया।
दोबारा अपराध किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि इन लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में यदि कोई व्यक्ति दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी कहा कि जो लोग अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य और शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हैं, उन्हें समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक वातावरण दिया जाएगा। हालांकि कानून तोड़ने वालों के प्रति किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
अपराध नियंत्रण के साथ सुधार पर भी जोर
जिला पुलिस की रणनीति में एक ओर पूर्व अपराधियों और आदतन बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखना है, तो दूसरी ओर उन्हें अपराध से दूर रहकर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना भी शामिल है। बरमकेला थाने में आयोजित यह परेड भी इसी अभियान का हिस्सा रही। पुलिस के मुताबिक इस तरह की कार्रवाई से अपराध की पुनरावृत्ति पर नियंत्रण रखने के साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने में मदद मिलेगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक गोविंद दीवान और उप पुलिस अधीक्षक संतोष ग्रेस के मार्गदर्शन में की गई। जिला पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए ऐसी निगरानी कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।


