जमीन विवाद में सगे भाई ने ही भाई और भाभी को उतारा मौत के घाट, सनसनीखेज दोहरी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा..

शेयर करें...

मुंगेली// ग्राम नवलपुर में हुए दंपति के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक नंदकुमार कश्यप का सगा भाई नंदु कश्यप ही मुख्य आरोपी निकला। पुलिस के अनुसार, पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने भाई और भाभी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी नंदु कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की कुदरी भी बरामद की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

घर में मिली थी दंपति की लाश

ग्राम नवलपुर निवासी नंदकुमार कश्यप और उनकी पत्नी गौरीबाई अपने घर में रहते थे। 18 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे उनके बेटे मोहन कश्यप की अपनी मां से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद मोबाइल का रिचार्ज खत्म हो जाने से बातचीत नहीं हो सकी। 23 अगस्त को रिचार्ज कराने के बाद भी जब माता-पिता से संपर्क नहीं हुआ तो मोहन को संदेह हुआ। 24 अगस्त को उसने अपने चाचा नंदु कश्यप को घर जाकर देखने के लिए कहा। नंदु ने घर में ताला लगे होने की जानकारी दी।

इसके बाद मोहन और उसका भाई बिलासपुर से नवलपुर पहुंचे। घर के बाहर ताला लगा था और अंदर से दुर्गंध आ रही थी। ताला तोड़कर अंदर जाने पर नंदकुमार और गौरीबाई अलग-अलग बिस्तरों पर मृत मिले। सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और फॉरेंसिक टीम ने भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों का पोस्टमार्टम बिलासपुर सिम्स में कराया गया। प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत हत्या से होना सामने आया। इसके बाद थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पैतृक जमीन को लेकर बढ़ी थी दोनों भाइयों में रंजिश

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नंदकुमार और उसके भाई नंदु के बीच पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उनके पिता की करीब 8 एकड़ पैतृक जमीन में दोनों भाइयों के हिस्से में 3-3 एकड़ जमीन आई थी। करीब एक एकड़ जमीन बहन के नाम की गई थी, जबकि 50 डिसमिल जमीन पिता के पास थी। माता-पिता की देखरेख करने के कारण यह 50 डिसमिल जमीन नंदु को मिलने की बात थी। बाद में नंदकुमार द्वारा इस जमीन में आधा हिस्सा मांगने से दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया और नंदु अपने भाई से रंजिश रखने लगा।

हत्या से पहले भी हुआ था दोनों भाइयों में विवाद

16 अगस्त को नंदु अपने खेत में खाद डालकर खेत की मुंही पार बांधकर आया था। नंदकुमार द्वारा मुंही पार तोड़ दिए जाने से खाद पानी के साथ बह गया। इसके बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद और बढ़ गया। 17 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे नंदु अपने भाई नंदकुमार के घर उसे जान से मारने के इरादे से पहुंचा था। दोनों के बीच विवाद हुआ, लेकिन इसी दौरान नंदकुमार का साला केदार कश्यप वहां पहुंच गया, जिसके बाद नंदु वापस चला गया।

रात में घर में घुसकर किया दोहरी हत्याकांड

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त की दरम्यानी रात नंदु लोहे की कुदरी लेकर भाई की हत्या करने के इरादे से उसके घर पहुंचा। वह पड़ोसी की बाड़ी की ओर से मकान की बाउंड्री पार कर छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। सीढ़ियों से नीचे उतरने पर उसने देखा कि नंदकुमार और उसकी पत्नी गौरीबाई बरामदे में अलग-अलग जगह सो रहे थे। आरोपी ने पहले नंदकुमार के सिर पर लोहे की कुदरी से वार किया। आवाज सुनकर गौरीबाई जाग गईं और उन्होंने नंदु को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने गौरीबाई पर भी कुदरी से हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों की मौत होने की पुष्टि करने के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के कमरे और अलमारी खोल दिए। इसके बाद आंगन में रखे पानी से अपने हाथ-पैर और हत्या में इस्तेमाल कुदरी को धोया तथा घर में बाहर से ताला लगाकर वहां से फरार हो गया। आरोपी ने कुदरी को ट्यूबवेल में छिपा दिया था।

आरोपी गिरफ्तार, कुदरी बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपी नंदु कश्यप ने जमीन विवाद के चलते अपने भाई और भाभी की हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर ट्यूबवेल से घटना में इस्तेमाल लोहे की कुदरी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी नंदु कश्यप पिता स्व. श्यामजी, उम्र 46 वर्ष, निवासी नवलपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को 1 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित थाना लोरमी और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।

Scroll to Top