शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला से रायपुर जा रही बंटी बस गोमर्डा वन अभ्यारण्य क्षेत्र के बीच हादसे का शिकार हो गई। संकरी सड़क पर सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने के दौरान बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा चांटीपाली-चानामुड़ा मोड़ के पास हुई। हादसे के समय बस में चालक और स्टाफ के अलावा करीब चार यात्री सवार थे। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बच गए।
ट्रक को साइड देते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि अभ्यारण्य क्षेत्र में सड़क कई जगह काफी संकरी है। इसी दौरान बस के सामने से एक ट्रक आ गया। दोनों वाहनों को साइड देने के दौरान बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। भले ही इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इस घटना ने अभ्यारण्य क्षेत्र की सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
संकरी सड़क और खतरनाक मोड़ बने चिंता का कारण
अभ्यारण्य क्षेत्र की सड़क पर कई जगह रास्ता संकरा है और जगह-जगह खतरनाक मोड़ भी हैं। इसके बावजूद वाहन चालकों को पहले से सावधान करने के लिए पर्याप्त स्पीड लिमिट, खतरनाक मोड़ और सावधानी संबंधी चेतावनी बोर्ड नजर नहीं आते। ऐसे रास्तों पर सामने से आने वाले भारी वाहनों और तेज रफ्तार का सामना होने पर हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क की स्थिति को देखते हुए यहां सुरक्षा के जरूरी इंतजाम जल्द किए जाने चाहिए।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचीं विधायक उत्तरी जांगड़े
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बस में सवार यात्रियों और बस स्टाफ से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और जरूरी सहयोग किया। विधायक ने अभ्यारण्य क्षेत्र में मौजूद खतरनाक मोड़ों और संकरे हिस्सों को देखते हुए वहां चेतावनी बोर्ड लगाने की जरूरत बताई। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों से भी अपील की कि अभ्यारण्य क्षेत्र की सड़क पर वाहन धीमी गति से चलाएं और विशेष सावधानी बरतें।
बड़ा सवाल, चेतावनी बोर्ड कब लगेंगे?
यह हादसा बिना जनहानि के टल गया, लेकिन इसके बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सड़क पर चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है? संकरी सड़क, सामने से आते भारी वाहन और तेज रफ्तार का मेल किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। ऐसे में संबंधित विभाग को अभ्यारण्य क्षेत्र की सड़क का तत्काल निरीक्षण कराना चाहिए और खतरनाक मोड़ों व संकरे हिस्सों में स्पीड लिमिट, सावधानी और मोड़ संबंधी चेतावनी बोर्ड लगवाने चाहिए। चार यात्री इस बार बाल-बाल बच गए, लेकिन सड़क सुरक्षा सिर्फ किस्मत के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। समय रहते जरूरी इंतजाम किए जाएं तो भविष्य में होने वाले बड़े हादसों को टाला जा सकता है।


