नारी सम्मान निधि योजना के नाम पर करोड़ों की ठगी: दूसरा आरोपी गिरफ्तार, सैकड़ों महिलाओं को रकम दोगुनी करने का दिया था लालच..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// नारी सम्मान निधि योजना के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में सारंगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में दूसरे आरोपी अजय लक्ष्मै को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने महिलाओं को 20 माह में रकम दोगुनी करने और जमा राशि पर हर माह 10 प्रतिशत अनुदान मिलने का झांसा देकर बड़ी रकम जमा कराई थी।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय लक्ष्मै निवासी ग्राम छर्रा, थाना सारंगढ़ को गिरफ्तार किया। इससे पहले इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, जेवरा सहित आसपास के गांवों की महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अजय लक्ष्मै, दिनेश बंजारे, उत्तम बाई बंजारे और अन्य एजेंट गांव-गांव जाकर स्वयं को “छत्तीसगढ़ युवा समाज सुधार समिति” का सदस्य बताते थे। वे दावा करते थे कि उनकी “नारी सम्मान निधि योजना” सरकारी योजना है, जिसमें पैसा जमा करने पर 20 माह में राशि दोगुनी हो जाएगी। साथ ही हर माह जमा राशि पर 10 प्रतिशत अनुदान और बैंक से ऋण लेकर पैसा जमा करने पर उसकी किश्त संस्था द्वारा भरने का भी लालच दिया जाता था।

इसी झांसे में आकर सैकड़ों महिलाओं और अन्य लोगों ने संस्था में रकम जमा कर दी। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने करीब 2 करोड़ 38 लाख 22 हजार 260 रुपये की ठगी की है। जांच के बाद थाना सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी अजय लक्ष्मै ने मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और लेनदेन से जुड़े रजिस्टर जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि नरेंद्र मनहर, प्रधान आरक्षक भँवर काटले, आरक्षक मिनिकेतन पटेल, आरक्षक अरविंद सिदार, आरक्षक योगेश एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही ठगी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

Scroll to Top